पथ प्रवाह, देहरादून
प्रदेश में हाल ही में हुई अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। अतिवृष्टि के कारण मंदिर परिसर में जलभराव और मलबा भर गया था, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। अब प्रशासन और स्थानीय निकायों के सहयोग से मलबा हटाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद पुजारियों और स्थानीय लोगों से आपदा के दौरान उत्पन्न हालात और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में इस तरह की स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी और स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए।
मंदिर में किया जलाभिषेक
निरीक्षण उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने टपकेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर प्रदेश और प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि टपकेश्वर महादेव मंदिर देवभूमि उत्तराखंड की आस्था का केंद्र है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सरकार की प्राथमिकता है।


