मां गंगा की पवित्र नगरी हरिद्वार के करीब एक लाख 90 हजार मतदाता नगर निगम की एक मेयर व 60 पार्षद प्रत्याशियों के भाग्य विधाता बने है। इन मतदाताओं का एक—एक वोट प्रत्याशियों का राजयोग तय करेगा। मेयर प्रत्याशियों में भाजपा की किरण जैसल, कांग्रेस की अमरेश देवी बालियान और आम आदमी पार्टी की शिप्रा सैनी में से किसी एक को राजयोग प्रदान करेगा। हालांकि मतदाताओं की चरण वंदना करने में प्रत्याशियों ने कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी। मतदाताओं को रिझाने के लिए कभी ना पूरे होने वाले तमाम वायदे तक कर डाले। लेकिन अब मतदाताओं को अपने मत की ताकत का एहसास कराने का वक्त 23 जनवरी 2025 का है। प्रत्याशियों का भाग्य लिखने से पहले उनके व्यवहार और चरित्र की गंभीरता को समझना बेहद जरूरी है। चुनाव के बाद तो अगले पांच सालों तक मतदाताओं को अपने भाग्य विधाता से मिलने के लिए भी वक्त लेना पड़ेगा।
26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस पर्व पर लोकतंत्र की शक्ति का परिचायक निकाय चुनाव की मतगणना का परिणाम आयेगा। गणतंत्र दिवस का दिन गण की शक्ति के तंत्र का पर्व होता है। भारत का संविधान ही गण अर्थात भारत के नागरिक को वोट देने की शक्ति प्रदान करना है। इसीलिए मतदाता ही जन प्रतिनिधियों के भाग्य विधाता कहे जाते है। भारत के मतदाताओं का एक—एक वोट ही अपने—अपने क्षेत्र के पार्षद, मेयर, विधायक, सांसद को चुनने का अधिकार प्रदान करता है।
हरिद्वार की जनता को यह मौका 26 जनवरी के दिन मिल रहा है। 25 जनवरी 2025 को शुरू होने वाली मतगणना 26 जनवरी तक ही समाप्त होगी। हरिद्वार की जनता के भाग्य विधाता जीत के जश्न की खुमारी में होंगे। एक और तिरंगा आसमान में लहरा रहा होगा तो दूसरी और भाग्य विधाता अपनी जीत पर खुशियां मना रहे होंगे।
लेकिन सवाल है कि जनता अपने भाग्य विधाता को चुनने से पहले उसके पुराने कारनामों को याद रखती है या भूल जाती है। आपके पुराने जन प्रतिनिधि ने आपका सम्मान किया। आपके क्षेत्र के विकास कार्यो में ईमानदारी और पारदर्शिता दिखलाई। आपकी समस्याओं में आपके साथ खड़े रहे। कभी आपके सुख दुख के साथी बने। या फिर आपके एक वोट को हासिल करने के लिए अपने रिश्तों की दुहाई देते नजर आए।
फिलहाल हरिद्वार की जनता 23 जनवरी के दिन पांच सालों तक मेयर की कुर्सी पर विराजमान होने वाली मेयर का चयन करने के लिए भाग्य विधाता है। आपका मेयर कैसा होगा, इसका चयन आपको करना है। जनता ही हरिद्वार के विकास की पटकथा लिखने के लिए उत्तरदायी है।
क्योकि आप भाग्य विधाता है।