अल्मोड़ा में धूमधाम से मनाया गया संविधान दिवस

जिलाधिकारी अंशुल सिंह के नेतृत्व में हुआ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ

पथ प्रवाह,अल्मोड़ा
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को अल्मोड़ा के विकास भवन सभागार में गोष्ठी एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इस दौरान संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक परंपराओं को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान देश की कानूनी व्यवस्था का मूल आधार है। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और दायित्वों के प्रति समावेशी समझ विकसित करना समय की आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही अपने कर्तव्यों का भी पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम में अभियोजन विभाग की ओर से राज्य सरकार द्वारा पारित विभिन्न कानूनों और उनके महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही नागरिक अधिकारों और कानूनी जागरूकता के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।

गोष्ठी में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में संवैधानिक आदर्शों की भूमिका पर भी चर्चा की। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक बनाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को व्यवहार में अपनाने की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) विजय मनराल, अभियोजन अधिकारी सीमा भेतवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।