पथ प्रवाह, हरिद्वार।
स्कूली शिक्षा को व्यावहारिक कौशल और उद्योग की जरूरतों से जोड़ने के लिए भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी) ने तीन राष्ट्रीय स्किल काउंसिलों के साथ समझौता-ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया है। योग गुरु स्वामी रामदेव की मौजूदगी में लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल (एलएससी), फूड इंडस्ट्री कैपेसिटी एंड स्किल इनिशिएटिव (एफआईसीएसआई) और रबर, केमिकल एंड पॉलीमर स्किल डेवलपमेंट काउंसिल (आरसीपीएसडीसी) के साथ यह करार हुआ। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 और एनएसक्यूएफ के अनुरूप इस पहल से कक्षा 9 से ही विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ उद्योग-मान्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम और कौशल प्रशिक्षण मिल सकेंगे।
पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि परिसर्च सेंटर में हुए आयोजन में स्वामी रामदेव ने कौशल विकास के विभिन्न आयामों पर विचार रखते हुए शिक्षा में इसके समावेश पर जोर दिया और अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी चेयरमैन डॉ. एनपी सिंह ने किया, जबकि वोकेशनल एवं स्किल डेवलपमेंट प्रमुख डॉ. निधि गुसाईं व काउंसिलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एलएससी के सीईओ रविकांत यामर्थी ने बताया कि अगले एक वर्ष में उत्तर भारत के बीएसबी से जुड़े लगभग 25 विद्यालयों में इंटीग्रेटेड लैब स्थापित की जाएंगी, जहां विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा।
तीन क्षेत्रों में खुलेंगे अवसर: लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में वेयरहाउस एसोसिएट, लैंड ट्रांसपोर्टेशन एसोसिएट, सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव व ई-कॉमर्स डिलीवरी एसोसिएट जैसे पाठ्यक्रम होंगे; परिषद के अनुसार 2030 तक इस क्षेत्र में करीब 47 लाख अतिरिक्त कर्मियों की जरूरत होगी। एफआईसीएसआई की महाप्रबंधक (संचालन) सुश्री संतोष पुनिया के अनुसार बेकिंग, फल-सब्जी प्रसंस्करण, अचार-परिरक्षण व खाद्य सुरक्षा से जुड़े पाठ्यक्रम रोजगार व स्वरोजगार के अवसर देंगे। वहीं आरसीपीएसडीसी के अध्यक्ष अर्जन धवन व सीओओ रिटायर्ड मेजर जनरल अतुल पन्नू की मौजूदगी में प्लास्टिक वेस्ट सेग्रीगेटर, रीसाइक्लिंग असिस्टेंट ऑपरेटर व लैब केमिस्ट (रबर) जैसे पाठ्यक्रमों पर चर्चा हुई, जो रीसाइक्लिंग व लघु उद्यमों की राह खोलेंगे।
प्रशिक्षित शिक्षकों के मार्गदर्शन में लैब आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण के बाद तृतीय-पक्ष मूल्यांकन व प्रमाणपत्र मिलेंगे, जिससे विद्यार्थियों को रोजगार, अप्रेंटिसशिप, उच्च शिक्षा और उद्यमिता में मदद मिलेगी।

