पथ प्रवाह, हल्द्वानी।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने गुरुवार (26 नवंबर 2026) को परिवार के साथ सरस मेले में पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों से करीब 37,325 रुपये की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प सामग्री की खरीद में खास दिलचस्पी दिखाई।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बढ़ावा देते हुए स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प को व्यापक बाजार मिलना चाहिए। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों की आमदनी बढ़ेगी और वे आर्थिक रूप से अधिक सशक्त व आत्मनिर्भर बन सकेंगी। उन्होंने आम लोगों से भी सरस मेले में आकर स्थानीय उत्पाद खरीदने और महिला समूहों के प्रयासों को बढ़ावा देने की अपील की।
पहाड़ी उत्पादों व शिल्प की भरमार: सरस मेले में विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व स्थानीय उत्पादों की विस्तृत रेंज मौजूद है। इनमें ड्राई फ्रूट और काष्ठ शिल्प के साथ उत्तराखंड के झंगोरा, मांडुवा, लाल चावल, तरह-तरह की बड़ियां, पहाड़ी नमक, बद्री गाय का देशी घी, हस्तनिर्मित कपड़े और शॉल आदि शामिल हैं। इसके अलावा बच्चों व बड़ों के मनोरंजन के लिए विभिन्न झूलों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सरस मेला स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार और महिला स्वयं सहायता समूहों को विपणन का मंच प्रदान कर रहा है।

