उत्तराखंड विधानसभा चुनाव-2027 से पहले ईवीएम और वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू

पथ प्रवाह, देहरादून।
उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर मतदाताओं को ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए जन-जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रथम स्तरीय जांच (FLC) पूरी होने के बाद मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों—आम आदमी पार्टी, भाजपा, बसपा, कांग्रेस और सीपीआई (एम)—के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रशिक्षण व जागरूकता के लिए 974 बैलेट यूनिट (BU), 974 कंट्रोल यूनिट (CU) और 974 वीवीपैट मशीनें निकाली गई हैं। इनकी सूची दलों से साझा की गई है और भारत निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल के तहत इन्हें अलग वेयरहाउस में रखा जाएगा।

आम लोगों को व्यावहारिक प्रदर्शन दिखाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) व रिटर्निंग ऑफिसर (RO) मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (EDC) बनाए गए हैं। इसके अलावा सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों, गांवों, वार्डों और क्लस्टरों तक पहुंचने के लिए मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन (MDV) तैनात की गई हैं। यह अभियान चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने तक जारी रहेगा; घोषणा के बाद ईवीएम व वीवीपैट से जुड़ी जागरूकता केवल डिजिटल माध्यमों से ही प्रसारित की जाएगी।

डीईओ और आरओ को कवर किए गए मतदान केंद्रों, प्रदर्शन देखने वालों और मॉकपोल में हिस्सा लेने वाले लोगों की संख्या की साप्ताहिक व पाक्षिक रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजनी होगी। राज्य के देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ व चम्पावत में 16 नवंबर, टिहरी गढ़वाल, बागेश्वर व नैनीताल में 18 नवंबर, चमोली में 20 नवंबर, उत्तरकाशी व ऊधमसिंह नगर में 21 नवंबर और रुद्रप्रयाग में 25 नवंबर 2026 से कार्यक्रम शुरू हो चुका है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।